मुंबई। पूर्वी डोंबिवली के कचोरे गांव में स्थित वीर सावरकर नगर के मैदान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सायं शाखा (बाल) लगती है। शाखा में क्षेत्र के 8 से 15 वर्ष की आयु के 35-40 बच्चों को मैदानी खेल, देशभक्ति और बाल नैतिकता की शिक्षा दी जाती है। रविवार को करीब 8 बजे अज्ञात लोगों ने बाल शाखा पर पथराव किया। हालांकि, हमले में बाल स्वयंसेवकों को कोई क्षति नहीं पहुँची हैं। परंतु परिस्थिति की गंभीरता देखकर कचोरे संघ शाखा कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शन में तिलक नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है।
प्रारंभ में पुलिस ने मामला दर्ज करने में आनाकानी की, लेकिन स्वयंसेवकों के दबाव के चलते पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी। सीसीटीवी की जांच के बाद पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, 2 अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। बताया जा रहा है कि उनमें से 3 नाबालिग हैं। परिस्थिति की गंभीरता देखते हुए बाल शाखा के दौरान पुलिस बंदोबस्त रहने वाला है।
इससे पहले भी, एक अज्ञात व्यक्ति ने बाल शाखा पर एक – दो बार पत्थर फेंके थे। बाल स्वयंसेवकों पर 8-9 फुट ऊंची दीवारों से पत्थर फेंके गए। कचोरे की घटना पर स्वयंसेवकों ने नाराजगी व्यक्त की तथा ऐसे कृत्य करने वालों के खिलाफ सख्त कारवाई की मांग की।
कुछ दिन पहले भी कट्टरपंथियों ने शिव स्तुति गाने को लेकर भी नगर में विवाद उत्पन्न करने की कोशिश की थी। स्थानीय निवासियों ने बताया कि धमकी देकर लोगों को आतंकित करने की घटनाएं भी सामने आई हैं। स्थानीय हिन्दू निवासियों ने भी मांग की है कि पुलिस ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे।