इंदौर में 2 से 4 नवंबर तक संघ की कार्यकारी मंडल बैठक: शताब्दी वर्ष के विस्तार और भविष्य की कार्ययोजना पर होगा मंथन

VSK Telangana    01-Nov-2026
Total Views |

 
indore

इंदौर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अखिल की भारतीय कार्यकारी मण्डल बैठक, इंदौर 02, 03, 04 नवम्बर 2026 को लेकर आज राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर जी ने प्रेस वार्ता कर जानकारी देते हुए कहा कि इस बैठक में शताब्दी वर्ष में देशभर में किए गए संगठनात्मक विस्तार से भविष्य के विस्तार तक नई कार्ययोजना बनेगी।

सुनील आंबेकर ने कहा कि संघ अपने शताब्दी वर्ष में देशभर में किए गए संगठनात्मक विस्तार, सामाजिक संपर्क और सेवा गतिविधियों के अनुभवों को अब भविष्य की कार्ययोजना में ढालने की तैयारी में है। इसके लिए 2 से 4 नवंबर तक इंदौर के डेली कॉलेज मैदान में संघ की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की वार्षिक बैठक की जाएगी। उन्होंने आज पत्रकारों से बातचीत में इसकी विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले जी सहित संघ के शीर्ष नेतृत्व तथा देशभर से आए 408 प्रमुख कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में होने वाला यह तीन दिवसीय मंथन संगठन की आगामी दिशा के लिहाज से महत्वपूर्ण होगा।

उन्होंने बताया कि बैठक में शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ संगठन के विस्तार, हिंदू सम्मेलनों, गृह संपर्क अभियान, सेवा कार्यों में समाज की भागीदारी और युवाओं तथा महिलाओं के बीच बढ़े संपर्क का आकलन किया जाएगा। साथ ही संगठनात्मक संरचना में संभावित बदलाव, जनजागरण, पंचपरिवर्तन, नशीली दवाओं की चुनौती, डिजिटल माध्यमों पर प्रसारित सामग्री, बाहरी शक्तियों के हस्तक्षेप और वैश्विक परिस्थितियों पर भी विचार होगा। सरसंघचालक के विदेश प्रवासों से मिले अनुभव और दुनिया के प्रमुख लोगों के साथ संवाद को आगे बढ़ाने की रणनीति भी बैठक के एजेंडे में रहेगी।

13 हजार नई शाखाओं से संगठन विस्तार की नई तस्वीर

संघ की इस बैठक के केंद्र में संगठन के विस्तार से जुड़े आंकड़े और शताब्दी वर्ष के दौरान सामने आए अनुभव रहेंगे। अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख के अनुसार, देशभर में संघ की दैनिक शाखाओं की संख्या बढ़कर 1,01,151 हो गई है। इसके अतिरिक्त साप्ताहिक, मासिक और अन्य प्रकार के मिलन कार्यक्रम 1,10,849 स्थानों तक पहुंच चुके हैं।

अक्टूबर 2025 से अब तक देशभर में 13 हजार नई शाखाएं प्रारंभ हुई हैं। ये आंकड़े संघ की संगठनात्मक गतिविधियों के भौगोलिक विस्तार की तस्वीर प्रस्तुत करते हैं।

सुनील आंबेकर ने कहा कि संघ ने शताब्दी वर्ष से पहले तीन वर्षों के लिए कार्यविस्तार की योजना बनाई थी। इस अवधि में संगठन की पहुंच बढ़ाने, समाज के विभिन्न वर्गों तक संपर्क स्थापित करने और स्वयंसेवकों की भागीदारी को व्यापक बनाने पर जोर रहा।

अब शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की श्रृंखला पूरी होने के बाद अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल में इस पूरी प्रक्रिया का आकलन होगा। कहां संगठन की गतिविधियां बढ़ीं, किन क्षेत्रों में समाज की भागीदारी अधिक रही और प्राप्त अनुभवों के आधार पर आगे किन विषयों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, इन पहलुओं पर चर्चा होगी।

65,660 हिंदू सम्मेलन, सामाजिक संपर्क बना प्रमुख आधार

उन्होंने बताया कि शताब्दी वर्ष के दौरान आयोजित हिंदू सम्मेलन संघ की सामाजिक संपर्क गतिविधियों का एक प्रमुख हिस्सा रहे। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, गांवों के समूहों को मिलाकर बनाए गए मंडलों और शहरी बस्तियों के स्तर पर अब तक 65,660 हिंदू सम्मेलन आयोजित किए गए हैं।

इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद और सहभागिता बढ़ाने के प्रयास किए गए।

बैठक में इन सम्मेलनों के अनुभवों की समीक्षा के साथ यह भी विचार होगा कि उनसे मिले सुझावों और सामाजिक प्रतिक्रियाओं को आगामी गतिविधियों में किस तरह शामिल किया जाए।

संघ के लिए यह समीक्षा इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि शताब्दी वर्ष के दौरान आयोजित कार्यक्रमों को आगे निरंतर सामाजिक संपर्क और सहभागिता से जोड़ने की दिशा तैयार की जा सके। गृह संपर्क अभियान भी बैठक के प्रमुख विषयों में रहेगा।

“अभियान में समाज का अच्छा सहयोग मिला। सेवा कार्यों के विस्तार और सामाजिक हित में काम करने वाले विभिन्न संगठनों के बढ़ते उत्साह पर भी चर्चा होगी। कई संगठनों ने संघ के साथ मिलकर कार्य करने की इच्छा जताई है। आवश्यकता के अनुसार स्वयंसेवकों के सहयोग से ऐसे प्रयासों को आगे बढ़ाने पर विचार किया जाएगा।” — सुनील आंबेकर, अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख

महिलाओं और युवाओं की भागीदारी का आकलन एवं संगठनात्मक रचना

प्रमुख विषय और एजेंडा:

  • महिला और युवा भागीदारी: शताब्दी वर्ष के दौरान हुए कार्यक्रमों में महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही। गृह संपर्क अभियान और हिंदू सम्मेलनों में यह पहलू सामने आया। युवाओं के लिए आयोजित कार्यक्रमों में भी बड़ी संख्या में युवक-युवतियों ने भाग लिया।
  • संगठनात्मक रचना में परिवर्तन: इंदौर बैठक का एक महत्वपूर्ण एजेंडा संघ की संगठनात्मक रचना में संभावित परिवर्तन भी है। भावी व्यवस्था के स्वरूप पर विचार कर अगले वर्ष मार्च से काम शुरू करने की तैयारी है।
  • जनजागरण की भूमिका: सामाजिक जीवन में सामने आने वाले विषयों पर सही जानकारी और दृष्टिकोण समाज तक पहुँचाने के लिए जनजागरण के प्रभावी तरीकों पर विचार किया जाएगा।

बैठक में संगठनात्मक विस्तार के साथ समकालीन सामाजिक चुनौतियों और राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर भी व्यापक चर्चा होगी। नशीली दवाओं की बढ़ती समस्या, नए डिजिटल माध्यमों पर प्रसारित होने वाली सामग्री, बाहरी शक्तियों का हस्तक्षेप और बदलता वैश्विक परिदृश्य प्रमुख विषयों में शामिल हैं। विजयादशमी के अवसर पर सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी के उद्बोधन में उठाए गए महत्वपूर्ण मुद्दों पर आगे की कार्यदिशा को लेकर भी चर्चा होगी। इसके साथ ही संघ के पंचपरिवर्तन से जुड़े विषय भी बैठक के एजेंडे में शामिल हैं।

अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन के प्रवास के अनुभव तथा आगामी योजना

सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी के इस वर्ष अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन के प्रवासों पर भी अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल में चर्चा होगी। इन प्रवासों के दौरान उन्होंने हिंदुत्व की अवधारणा, भारत की प्रगति और विश्व शांति के संदर्भ में भारत की भूमिका जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख लोगों के साथ हुए संवाद के अनुभवों की भी समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही आगामी समय में वैश्विक संपर्क और संवाद के प्रयासों को आगे बढ़ाने के विषय पर भी विचार होगा। बदलती अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बीच भारत के विचारों और दृष्टिकोण को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करने से जुड़े अनुभव इस चर्चा का हिस्सा होंगे। सरसंघचालक के आगामी वर्ष के प्रवास कार्यक्रमों की योजना पर भी बैठक में विचार किया जाएगा।

बैठक में सभी 6 सह सरकार्यवाह सहित ये लोग होंगे शामिल

तीन दिवसीय बैठक में संघ के सभी छह सह सरकार्यवाह, अखिल भारतीय कार्य विभागों के प्रमुख और कार्यकारिणी के सदस्य शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त देशभर के 46 प्रांतों के प्रांत संघचालक, प्रांत कार्यवाह, प्रांत प्रचारक, सह प्रचारक तथा उनके सहयोगी पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। संघ के सभी 11 क्षेत्रों के प्रमुख पदाधिकारी भी बैठक में अपेक्षित हैं। इस तरह संगठन के राष्ट्रीय नेतृत्व से लेकर विभिन्न प्रांतों और क्षेत्रों के प्रमुख कार्यकर्ताओं तक की भागीदारी रहेगी।

शताब्दी वर्ष कार्यक्रमों की पूर्णता के बाद पहली बैठक

उल्लेखनीय है कि शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की पूर्णता के बाद इंदौर में हो रहा यह आयोजन संघ के लिए बीते एक वर्ष के अनुभवों की समीक्षा और आगामी वर्षों की प्राथमिकताओं पर विचार का अवसर होगा। शाखाओं के विस्तार, सामाजिक संपर्क, सेवा कार्यों, संगठनात्मक संरचना और वैश्विक संवाद जैसे विषयों पर होने वाला मंथन यह तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा कि शताब्दी वर्ष के दौरान बनी गति को आगे किस प्रकार निरंतरता दी जाए।

इस पत्रकार वार्ता में संघ के अ. भा. प्रचार प्रमुख के साथ मंच पर मालवा प्रांत के संघचालक डॉ. प्रकाश शास्त्री उपस्थित रहे। वहीं विशेष रूप से अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख नरेंद्र ठाकुर, प्रदीप जोशी एवं मध्य क्षेत्र के प्रचार प्रमुख कैलाशचंद्र उपस्थित रहे।