मऊ में कन्वर्जन और देह व्यापार के आरोप में पादरी समेत 10 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

VSK Telangana    02-Feb-2026
Total Views |
 

vd 

उत्तर प्रदेश के मऊ जनपद के कोतवाली थाना क्षेत्र से एक गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां इलाज के बहाने लोगों को बुलाकर कन्वर्जन का दबाव बनाने, नशीला पदार्थ पिलाने, यौन शोषण और देह व्यापार की धमकी देने के आरोप लगे हैं। पीड़ित की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए कई लोगों को हिरासत में लिया। साथ ही कन्वर्जन से जुड़ी सामग्री भी बरामद की गई। फातिमा अस्पताल के व्यवस्थापक और एक पादरी समेत कुल 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

कोतवाली थाना क्षेत्र के एक निवासी ने इंस्पेक्टर कोतवाली को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि वह अपनी पत्नी के इलाज के लिए फातिमा अस्पताल गया था। वहां के एक व्यवस्थापक ने उसे भ्रमित करते हुए कहा कि व्हाइट पैलेस के पीछे स्थित सविता (पत्नी लक्ष्मण गौतम) के मकान पर रविवार सुबह 10 बजे आने से उसकी पत्नी का सही इलाज हो जाएगा और सभी रोग समाप्त हो जाएंगे।

शिकायतकर्ता के अनुसार, 18 जनवरी 2026 को सुबह करीब 10 बजे वह बताए गए पते पर पहुंचा। वहां उसे अंदर बुलाया गया, जहां कई दर्जन महिलाएं और पुरुष मौजूद थे। एक पादरी भी उपस्थित था, जो लोगों को किसी नशीले पदार्थ का सेवन करा रहा था। शिकायतकर्ता को भी वही पदार्थ दिया गया और कहा गया कि इसे अपनी पत्नी तथा पूरे परिवार को ‘यीशु का प्रसाद’ बताकर खिलाएं, इससे पत्नी पूरी तरह स्वस्थ हो जाएगी।

इसके बाद पादरी (नाम-पता अज्ञात) और अन्य आरोपितों—लक्ष्मण गौतम पुत्र स्व. राधेश्याम गौतम (निवासी गालिबपुर), संतोष साहनी पुत्र आयोध्या (निवासी सुरवत पाली थाना कासिमाबाद, जनपद गाजीपुर; वर्तमान निवासी रस्तीपुर), अभिषेक पुत्र दरशु (निवासी गालिबपुर), अमित कुमार सौरभ पुत्र श्यामबली राम (निवासी मुंगेश डुमराव), उदयभान पुत्र दूधनाथ (निवासी गालिबपुर), इंद्रजीत मौर्य पुत्र राजपत (निवासी मुसरदह), रीता पत्नी सूर्यभान (निवासी गालिबपुर भीटी) तथा सविता पत्नी लक्ष्मण (निवासी व्हाइट पैलेस के पीछे, मऊ)—ने मिलकर शिकायतकर्ता पर कन्वर्जन के लिए जबरदस्त दबाव बनाना शुरू कर दिया।

जब शिकायतकर्ता ने विरोध किया तो आरोपितों ने धमकी दी कि अब वह यहां से कोई बाहर नहीं जा पाएगा। आरोप यह भी है कि यहां देह व्यापार भी किया जाता है।

शिकायतकर्ता ने किसी तरह अपने सहयोगियों को सूचना दी, जिसके बाद वे पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और उसे आरोपितों के चंगुल से मुक्त कराया। पुलिस ने मौके से कन्वर्जन संबंधी सामग्री, बाइबिल, ढोलक, झाल सहित अन्य वाद्य यंत्र तथा नशीला पदार्थ बरामद किया। साथ ही मौजूद आरोपितों को हिरासत में लेकर कोतवाली पुलिस थाना ले आई।

पुलिस मामले की जांच में जुटी है। भारतीय न्याय संहिता तथा उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 (Courtesy: Panchjanya)