‘राष्ट्र निर्माण में संघ का बड़ा योगदान’, RSS के 100 वर्ष पूरे होने पर अजय देवगन ने ‘शतक’ का टीजर साझा कर दी बधाई

VSK Telangana    04-Feb-2026
Total Views |
 
Rss 100
 

बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने पर संगठन को बधाई दी है। उन्होंने मंगलवार (3 फरवरी) को अपने एक्स अकाउंट से संघ के 100 साल के सफर पर बनी फिल्म ‘शतक’ का टीजर भी शेयर किया। अभिनेता ने लिखा, “आरएसउस को सौ साल पूरे होने पर ढेर सारी बधाइयां। इन सौ सालों में राष्ट्र निर्माण में संघ का बड़ा योगदान रहा है। इस काम पर और रौशनी डालने आ रही है फिल्म ‘शतक’। ये रही उसकी पहली झलक।” इसके साथ ही उन्होंने ‘शतक’ फिल्म की पूरी टीम को भी ढेरों शुभकामनाएं दीं।

‘शतक’ में RSS के 100 वर्ष का इतिहास

दरअसल, ‘शतक’ का रोंगटे खड़े कर देने वाला टीजर मेकर्स ने शुक्रवार (30 जनवरी) को रिलीज किया। यूट्यूब पर इसे अब तक करोड़ों लोग देख चुके हैं। 1 मिनट 16 सेकंड के टीजर की शुरुआत “मेरे मां-बाप का 100 टुकड़ा किया, मेरी बच्ची से कलमा पढ़ाया…” जैसी दिल दहला देने वाली लाइन से होती है। टीजर में संघ के 100 वर्ष के इतिहास (1925 से 2025) को दिखाया गया है। दर्शक फिल्म में आरएसएस के इतिहास, उसके विचारों और समय के साथ हुए बदलावों को देखेंगे। आजादी की लड़ाई में संघ का क्या योगदान था, किस-किस समय उस पर प्रतिबंध लगे और आपातकाल जैसे बड़े घटनाक्रमों में क्या हुआ। इसका जिक्र भी टीजर में किया गया है। डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने 27 सितंबर, 1925 को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की थी।

संघ लगातार आगे बढ़ा: वीर कपूर

रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के निर्माता वीर कपूर ने यह फिल्म किताबों, दस्तावेजों और उपलब्ध ऐतिहासिक जानकारी के आधार पर बनाई है। उनका कहना है कि उन्होंने आरएसएस की विचारधारा और उसकी यात्रा को एक साथ जोड़कर फिल्म की भाषा में दिखाने की कोशिश की है। उनके अनुसार 1875 से 1950 के बीच कई आंदोलन शुरू हुए, लेकिन संघ ही एकमात्र ऐसा संगठन रहा जो बिना टूटे लगातार आगे बढ़ता रहा और यही उसकी बड़ी ताकत है।

वहीं फिल्म के निर्देशक आशीष मॉल ने कहा कि यह फिल्म उनके लिए एक निजी अनुभव जैसी रही। शोध के दौरान उन्हें संघ से जुड़े कई ऐसे पहलू समझ में आए जिन पर आमतौर पर बात नहीं होती। उनका कहना है कि इस फिल्म के जरिए वे समाज में मौजूद अधूरी जानकारी को ईमानदारी से सामने लाना चाहते हैं।

‘शतक’ 19 फरवरी को सिनेमाघरों में देगी दस्तक

बता दें कि सच्ची घटना पर आधारित फिल्म ‘शतक’ का निर्देशन आशीष मॉल ने किया है। इस फिल्म के निर्माता वीर कपूर हैं। एडा 360 डिग्री एलएलपी की प्रस्तुति फिल्म ‘शतक’ इस साल 19 फरवरी देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।

 (Courtesy: Panchjanya)