गाजियाबाद के लोनी में एक्स मुस्लिम और यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपियों की गाजियाबाद पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई। इस एनकाउंटर में एक आरोपी मारा गया। उसकी शिनाख्त मोहम्मद जीशान के रूप में हुई है। सलीम पर 14 बार धारदार हथियार से हमला किया गया था।
सलीम दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती हैं। आरोपियों के साथ पुलिस की मुठभेड़ लोनी इलाके में हुई। इसमें दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। आरोपियों के पास से पिस्टल, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई सर्जिकल ब्लेड भी मिली है।
यूपी पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिये बताया कि जीशान पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। मुठभेड़ के दौरान उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया था। उसे उपचार के दौरान चिकित्सक द्वारा मृत घोषित किया गया।
वहीं, पाकिस्तानी यूट्यूबर मोहम्मद हमाद बरकती ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर इस हमले की जिम्मेदारी ली थी। उसने वीडियो में खुलेआम सलीम की हत्या की धमकी दी। इसमें उसने सलीम के घर का पता भी सार्वजनिक किया। यह वीडियो हमले से दो दिन पहले का बताया जा रहा है।
हुजूर के गुस्ताखों के लिए कोई माफी नहीं
वीडियो में पाकिस्तानी यूट्यूबर कहता है, “इस्लाम के खिलाफ बोलने वालों को धरती पर रहने का हक नहीं है। हुजूर के गुस्ताखों के लिए कोई माफी नहीं है। मेरे पास गुस्ताख-ए-रसूल के लिए बिल्कुल भी समय नहीं है। इसके घर का पता गाजियाबाद लोनी के अंदर नासबंदी कालोनी है। अब हुजूर के गुलामों का यह काम है कि ये जहां भी मिले इसका काम तमाम कर दो, क्योंकि गुस्ताख-ए-रसूल के लिए कोई माफी नहीं है।”
‘हिंदुस्तान के मुस्लिमों सलीम जहां भी मिले उसे काट दो’
मोहम्मद हमाद बरकती कट्टरपंथियों को सलीम को जान से मारने के लिए कहता है। उसने अपनी वीडियो में आगे कहा, “हमें यह बताया गया है कि कोई भी हमारे मजहब के खिलाफ बोले तो उसे काटकर रख देना चाहिए। गुस्ताखी करने वालों को यह मालूम होना चाहिए कि जब तक मुसलमान मैदान में मौजूद हैं, तुम्हारे लिए कहीं भी छिपने की जगह नहीं है। तुम्हें कहीं सुकून नहीं लेने देंगे। तुम हमारे आकाओं, मौलानों के बारे में बात करो और हम तुम्हें कुछ भी न करें, ये तुम्हारी सबसे बड़ी भूल है। तुमको इस धरती पर रहने नहीं देंगे। हम तुमको एक सांस भी नहीं लेने देंगे। हुजूर के गुस्ताखों के लिए हम रहम नहीं दिखाएंगे। तुम्हारी इतनी जुर्रत कि तुम हमारे आकाओं और मौलानों के खिलाफ बोलोगे। मैं हिंदुस्तान में रहने वाले मुस्लिमों से कहना चाहता हूं कि ये जहां भी मिले इसे काट दो।”


