
गत दिनों संघ शताब्दी वर्ष पर नवगछिया (भागलपुर) में प्रमुख जन गोष्ठी का आयोजन हुआ। इसे संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, उत्तर बिहार प्रांत के प्रांत प्रचारक श्री रविशंकर ने कहा कि हमलोग भौगोलिक दृष्टि से जितने निकट आ रहे हैं, वहीं पारिवारिक रूप से दूर चले जा रहे हैं। परिवार के साथ आपसी बात करने का समय नहीं निकाल पा रहे हैं।
इस कारण पिता-पुत्र के बीच, मां-बेटी के बीच, पति-पत्नी के बीच अनेक प्रकार के पारिवारिक क्लेश बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि इस क्लेश को दूर करने के लिए माह में कम से कम एक दिन मोबाइल से दूर रहें यानी ई-उपवास करें।
इस दौरान न मोबाइल देखें और न ही टी.वी। पूरा समय परिवार के लोगों के बीच बिताएं। साथ में खाना खाएं, सुख-दुख की बातें साझा करें। इससे परिवार के बीच एक सकारात्मक वातावरण बनेगा और क्लेश दूर होगा।
उन्होंने पर्यावरण और समाज के संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि हमें उनके प्रति संवेदन रहना चाहिए अर्थात् किसी को दुखी देख उसका सहयोग करना चाहिए। इस कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि थे श्री अभिमन्यु चौधरी, जो 50 वर्ष से पर्यावरण संरक्षण के कार्य में लगे हुए हैं। गोष्ठी के मंच पर जिला संघचालक श्री विनोद केजरीवाल एवं नगर संघचालक श्री दयाराम चौधरी विराजमान रहे।
(Courtesy: Panchjanya)